मेरठ से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बेखौफ हत्यारों ने एक युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और इस घटना का वीडियो खुद ही बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं।

मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र के नरहाड़ा गांव के जंगल में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब चकरोड किनारे 25 वर्षीय युवक आदिल उर्फ़ रिहान का शव बरामद हुआ।
मृतक आदिल थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र की राधना वाली गली का रहने वाला था और कपड़ों का कारोबार करता था।
पहले तो शव की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन दोपहर तक परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली। शुरुआती जांच में सामने आया कि मंगलवार को आदिल को उसके दो दोस्त हमजा और जुल कमर घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे।
वायरल वीडियो ने इस हत्या की सच्चाई को और भी खौफनाक बना दिया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि जमीन पर पड़े आदिल को एक आरोपी नजदीक से गोलियां मारता है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने खुद ही यह वीडियो वायरल कर दिया।
पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है, लेकिन तीन टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और फोटो के आधार पर पुलिस हथियारों और हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।