झाँसी
मऊरानीपुर। – आईपीएल क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा लगाने के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊरानीपुर थाना पुलिस ने एक सटोरिए को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 80 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में जुआ अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार व क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मऊरानीपुर पुलिस ने मंगलवार रात कस्बे के मेला ग्राउंड स्थित सुलभ शौचालय के पास दबिश देकर योगेन्द्र सिंह उर्फ गिल्ले निवासी चौगड़डा गांधीगंज को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और 80 रुपये नकद मिले। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आईपीएल क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा लगाने का काम करता था। आरोपी ने अभिषेक पटेल निवासी पंडवाहा थाना टोडीफतेहपुर समेत फिरोज मेम्बर, अभिषेक पाठक, पवन मनचंदा और साहिद अहमद के नाम बताए। पुलिस का कहना है कि गिरोह संगठित तरीके से ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित कर रहा था।
थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 205/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम एवं 112(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सोलंकी, उपनिरीक्षक सुभाषचंद्र, रामप्रताप सिंह, अंकित सिंह राजावत और कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल रहे।