झाँसी के मऊरानीपुर क्षेत्र से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां मोटरसाइकिल से घर लौट रहे एक युवक की बस की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक के शव के टुकड़े सड़क और पास के तालाब के किनारे जा गिरे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मऊरानीपुर क्षेत्र के टीकमगढ़ रोड पर आज दोपहर करीब तीन बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया।
ग्राम वावई, थाना बम्होरी, जिला टीकमगढ़ निवासी युवक खदियन चौराहे से अपनी मोटरसाइकिल सुधरवाकर घर लौट रहा था।
जैसे ही वह टीकमगढ़ रोड स्थित क्रेशर मशीन के पास पहुंचा, तभी टीकमगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक का एक पैर कटकर सड़क पर गिर गया, जबकि शरीर का बाकी हिस्सा पास बने तालाब के पास जा गिरा। सिर में गंभीर चोटें आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना राहगीरों ने डायल 112 और कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के जीजा ने बताया कि युवक मजदूरी करता था और मोटरसाइकिल सुधरवाने की बात कहकर घर से निकला था।