फतेहपुर बाराबंकी से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। दुर्गा पूजा पंडाल में झांकी के दौरान भगवान शंकर की भूमिका निभा रहे युवक ने गले और हाथों में करीब पांच फीट लंबा अजगर लपेटकर करतब दिखाए। इस दौरान उसने कई बार अजगर का मुंह अपने मुंह में डालने की कोशिश भी की। यह नजारा जहां लोगों के लिए रोमांचक था, वहीं किसी भी पल खतरनाक साबित हो सकता था।
फतेहपुर बाराबंकी के बड्डूपुर थाना क्षेत्र के खंता गांव का दुर्गा पूजा पंडाल…
जहां धार्मिक माहौल के बीच अचानक ऐसा करतब दिखा जिसने सभी को हैरान कर दिया।
वीडियो में भगवान शंकर की भूमिका निभा रहा युवक गले और हाथों में पांच फीट लंबा अजगर लपेटकर डांस करता नजर आ रहा है। भीड़ के बीच वह बार-बार अजगर का मुंह अपने मुंह में डालने की कोशिश करता है।
लोगों के लिए यह दृश्य भले ही आकर्षण का केंद्र था, लेकिन यह किसी भी पल जानलेवा साबित हो सकता था। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि अगर अजगर भीड़ में घुस जाता तो भगदड़ मच सकती थी।
जानकारी के मुताबिक, युवक ने इस अजगर को अपने घर में पाल रखा है और झांकियों में अक्सर इसी तरह के करतब दिखाता है। हालांकि पूजा समिति का कहना है कि उन्हें युवक की सही जानकारी नहीं है, बस इतना पता है कि वह कानपुर के आसपास का रहने वाला है।