झाँसी। थाना गरौठा के ग्राम ढिवकई में बुधवार रात करीब 9 बजे उस समय सनसनी फैल गई जब पुरानी रंजिश के चलते एक दबंग ने गांव के ही धनसिंह अहिरवार (35) पुत्र दयाराम पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले भैंस को लेकर पीड़ित और आरोपी के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर धनसिंह पर वार कर दिया, जब वह घर से भैंस के बाड़े की ओर जा रहा था।
हमले में गंभीर रूप से घायल धनसिंह को स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरौठा पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झाँसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।