मऊरानीपुर झाँसी- नगर में मंगलवार सुबह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। नगर पालिका इंटर कॉलेज परिसर में उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर श्वेता साहू द्वारा नवीन मतदाता सूची का विधिवत प्रकाशन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक, छात्र–छात्राएँ तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची का प्रकाशन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करने की प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है, वे अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वाकर मतदान का अधिकार प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने विस्तार से बताया कि नया नाम जोड़ने, नाम संशोधन कराने तथा पते में परिवर्तन कराने के लिए निर्धारित प्रपत्रों को कैसे भरा जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन युवाओं के पास आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र या शैक्षिक प्रमाण पत्र जैसे आयु-संबंधी दस्तावेज मौजूद हैं, वे आसानी से पंजीकरण करा सकते हैं।

उपजिलाधिकारी श्वेता साहू ने छात्रों को जागरूक करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और मतदान उनके अधिकार के साथ-साथ कर्तव्य भी है। इसलिए सभी नए मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं और शत-प्रतिशत मतदान में भाग लेकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा भी छात्रों को मतदाता पंजीयन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। कई छात्रों ने मौके पर ही फार्म प्राप्त किए और अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराया।

समापन पर उपजिलाधिकारी ने शिक्षक–शिक्षिकाओं से भी आग्रह किया कि वे अपने विद्यालयों में पढ़ने वाले योग्य विद्यार्थियों को मतदाता सूची में जुड़ने के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक युवा मतदान प्रक्रिया से जुड़ सकें।