कासगंज से बड़ी खबर—ऋण वसूली करने पहुँची बैंक की टीम पर दबंगों ने हमला बोल दिया। बैंक मैनेजर समेत पूरी टीम को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया और बंधक बनाने के भी आरोप लगे हैं। यही नहीं, बैंक मैनेजर से पाँच हजार रुपये लूटने की भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
कासगंज जिले के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के रामताल गांव से ये चौंकाने वाली घटना सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक बैंक मैनेजर सुनील कुमार अपने स्टाफ के साथ गांव में ऋण वसूली के लिए पहुंचे थे। तभी गांव के कुछ दबंगों से कहासुनी हो गई और मामला मारपीट तक पहुँच गया।
आरोप है कि दबंगों ने बैंक कर्मियों को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा। इस दौरान बैंक मैनेजर से पाँच हजार रुपये लूटे जाने का भी आरोप है।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित बैंक मैनेजर ने पुलिस को तहरीर सौंपी, जिसके आधार पर मोर सिंह, कालीचरण, लखन सिंह, अवधेश सिंह और पाँच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है