झाँसी
झाँसी के टोडी फतेहपुर थाना क्षेत्र से एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जहां एक गरीब मैकेनिक से तीन साल तक पोस्ट ऑफिस में पैसा जमा कराने के नाम पर लाखों रुपये वसूल लिए गए। जब व्यक्ति ने अपनी रकम मांगी, तो उसे पोस्ट ऑफिस की जगह एक निजी कंपनी की रसीद थमा दी गई। पीड़ित ने अब मामले की शिकायत प्रशासन और पुलिस से की है।

झाँसी के गुरसराय थाना क्षेत्र के ग्राम भसनेह निवासी संजीव बदई ने टोडी फ़तेहपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2019 में ग्राम पण्डवाहा निवासी शिवदयाल उर्फ शिवदयाल बाबा ने खुद को पोस्ट ऑफिस एजेंट बताकर उनसे रोजाना सौ रुपये जमा करवाने शुरू किए।
शिवदयाल ने कहा कि यह पैसा पोस्ट ऑफिस में जमा होगा और भविष्य में उनकी बेटियों की शादी में काम आएगा। तीन साल तक भरोसा करने के बाद जब प्रार्थी ने अपनी रकम मांगी — जो कि करीब चार लाख रुपये से अधिक थी — तो शिवदयाल ने पोस्ट ऑफिस के बजाय “L.U.C.C. (The Loni Urban Multi State Society)” नाम की कंपनी की किताब थमा दी।

प्रार्थी के अनुसार, यह रकम पोस्ट ऑफिस में जमा नहीं की गई, बल्कि आरोपी ने अपने निजी लाभ के लिए दूसरी कंपनी में निवेश कर दी।
अब पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात की शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित के पास आरोपी द्वारा हस्ताक्षरित डायरियाँ, किताबें और रसीदें बतौर सबूत मौजूद हैं।
पीड़ित का कहना है कि “मैंने अपनी बेटियों के भविष्य के लिए रोज़ ₹100 जमा किया। कहा गया कि पैसा पोस्ट ऑफिस में जाएगा, लेकिन बाद में पता चला कि सब झूठ था… अब तक चार लाख रुपये से ज्यादा फँस चुके हैं।”

अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में कब तक कार्रवाई करती है और क्या पीड़ित संजीव को उसकी मेहनत की कमाई वापस मिल पाती है या नहीं।