बबीना थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा स्थित इण्डोगल्फ फैक्ट्री में कार्यरत एक संविदा कर्मचारी की बीमारी के कारण मृत्यु हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबीना ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सौम्य रंजन (30 वर्ष) पुत्र लोचन वरमाली के रूप में हुई है। वह ओडिशा के अनुगढ़ जनपद के ग्राम मालीपदर, ब्लॉक आखमलिक का निवासी था और वर्तमान में बबीना के नयाखेड़ा में रह रहा था। सौम्य रंजन पिछले दो वर्षों से इण्डोगल्फ फैक्ट्री में संविदा पर लेबर का काम कर रहा था।

मृतक के साथियों ने बताया कि फैक्ट्री अधिकारियों ने पोस्टमार्टम के लिए वाहन उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया। साथियों के अनुसार, अधिकारियों ने उनसे निजी वाहन का इंतजाम करने को कहा, जिससे वे नाराज हो गए। इसके बाद, साथियों ने बाजार से एक लोडिंग गाड़ी किराए पर लेकर शव को झांसी मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सूचना मिलने पर बबीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को झांसी मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और उनके कल तक झांसी पहुंचने की उम्मीद है।