मऊरानीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत गढ़वा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री विष्णु महायज्ञ सेवा समिति के तत्वावधान में श्री विष्णु महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 17 जनवरी से 24 जनवरी तक श्री हनुमंत निवास मंदिर परिसर में संपन्न होगा।
इस वर्ष महायज्ञ के साथ-साथ सामूहिक विवाह सम्मेलन, रोजगार मेला और खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम गढ़वा में पिछले 43 वर्षों से लगातार श्री विष्णु महायज्ञ का आयोजन होता आ रहा है।
उन्होंने बताया कि महायज्ञ के दौरान राज्य स्तरीय वॉलीबॉल और कबड्डी टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे, जिनमें दूर-दराज़ से खिलाड़ी भाग लेंगे। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रशिक्षक ग्रामीणों को लघु एवं स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी देंगे।
महायज्ञ की पूर्ण आहुति के दिन 11 गरीब एवं निराश्रित कन्याओं का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सामाजिक सहयोग प्राप्त होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक और रोजगारपरक कार्यक्रमों के आयोजन से गांवों के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।