
झाँसी ब्रेकिंग्
झाँसी में खाद वितरण में धांधली – किसान बेहाल
रबी की बोनी नजदीक है और किसानों को खाद की सख्त जरूरत है, लेकिन झाँसी के टोंडी फतेहपुर क्षेत्र की दुगारा साधन सहकारी समिति पर धांधली और मनमानी के आरोप लग रहे हैं। किसानों का कहना है कि समिति टोकन वितरण में हेराफेरी कर रही है। इसके चलते उन्हें लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है, और खाद के बिना खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
टोंडी फतेहपुर की दुगारा साधन सहकारी समिति पर खाद वितरण को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
किसानों का आरोप है कि टोकन वितरण में गड़बड़ी कर किसानों का शोषण किया जा रहा है।
बीते सोमवार को समिति पर लगभग 150 किसानों को खाद के टोकन दिए गए थे, लेकिन मंगलवार को जब किसान पहुंचे तो पहले से ही करीब 400 टोकनधारी लाइन में खड़े मिले। किसानों का सवाल है कि जब सोमवार को सिर्फ 150 टोकन ही बांटे गए थे, तो बाकी टोकन कहां से आए?
किसानों का आरोप है कि पैसे लेकर टोकन बेचे जा रहे हैं। समिति अध्यक्ष पर आरोप है कि उन्होंने टोकन कार्यालय पर न बांटकर टोड़ी फतेहपुर में गुपचुप तरीके से वितरित किए। इतना ही नहीं, कुछ किसानों का कहना है कि पैसे लेकर मनचाहे लोगों को बड़ी संख्या में टोकन थमा दिए गए।
करीब 80 वर्षीय किसान बिलटे श्रीवास ने बताया कि वह पिछले दो दिन से समिति के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खाद नहीं मिल पा रही है। उनका कहना है कि सुबह 4 बजे से लाइन में खड़े रहने और दिनभर भूखे-प्यासे वहीं रहने के बावजूद शाम को उन्हें खाली हाथ घर लौटना पड़ा।
किसानों का कहना है कि समिति सचिव की आंखों के सामने यह धांधली हो रही है, लेकिन वे चुप्पी साधे हुए हैं। उनका मानना है कि सचिव और कर्मचारी भी इस खेल में शामिल हैं।