मोंठ थाना क्षेत्र के नंदपुरा गांव में मंगलवार शाम खेत में ठोकर खाकर गिरे एक युवक की मौत हो गई। उसने मां की गोद में कहते हुए दम तोड़ा कि अपना इलाज करा लेना। वह खेत में बुबाई कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नंदपुरा निवासी 45 वर्षीय शंकर यादव अपने पिता हाकिम सिंह के साथ खेल में बुबाई करने गया था। शाम को वह पिता को खेत में ही छोड़कर कामकाज करने के लिए घर आ रहा था। खेत से कुछ दूर चलते ही ठोकर खाकर जमीन पर गिर गया। वह काफी देर वहीं पड़ा रहा, उसकी मां मुन्नी देवी को पता चला तो वह भागकर बेटे के पास पहुंची।

पिता के अनुसार, बेटा दर्द से कराह रहा था। मां ने उसका सिर गोद में रख लिया। वह दर्द भरी आवाज में मां से बोला- “मां अपना इलाज करा लेना अब मैं जा रहा हूं”, इतना कहकर उसने मां की गोद में ही दम तोड़ दिया।
परिजन उसे मोंठ सीएचसी के ट्रामा सेंटर में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पुलिस को भेज दी गई, मोंठ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया।
सूचना मिलते ही एसडीएम अवनीश तिवारी सीएचसी पहुंचे और परिजनों को धैर्य बंधाया और घटना संबंधी जानकारी ली।
एसडीएम ने कहा कि “युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। जांच कराकर, उसके परिजनों को उचित सरकारी सहायता दिलाई जाएगी।”
परिजनों ने बताया, शंकर मानसिक रूप से शिक्षित था, शादी नहीं हुई थी। वह 10 बीघा खेती में पिता और बड़े भाई का हाथ बंटाता था। उसकी मौत से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।