झाँसी के रानीपुर क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग संख्या 386 को बिना सर्विस रोड दिए बंद कर देने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्राम प्रधान के नेतृत्व में सैकड़ों लोग रेलवे क्रॉसिंग पर पहुँचे और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि वैकल्पिक मार्ग न मिलने से वे गाँव में ही कैद होकर रह गए हैं।
झाँसी के रानीपुर इलाके में रेलवे क्रॉसिंग संख्या 386 को अंडरब्रिज निर्माण के लिए बंद कर दिया गया है।
लेकिन ग्रामीणों को निकलने के लिए सर्विस रोड उपलब्ध नहीं कराया गया।
इस कारण ग्राम गुड़ा और टिकरी सहित कई गाँवों के लोग परेशान हैं।
किसान अपने खेतों तक नहीं पहुँच पा रहे, वहीं स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर दोहरी पटरी पार कर स्कूल जा रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने खानापूर्ति करते हुए ऐसा रास्ता बनाया है, जहाँ से पैदल निकलना भी मुश्किल है।
हालात ये हैं कि मरीजों को भी इमरजेंसी में अस्पताल पहुँचाना कठिन हो गया है।
रविवार को ग्राम प्रधान विश्वनाथ सिंह यादव के नेतृत्व में सैकड़ों लोग रेलवे क्रॉसिंग पर इकट्ठा हुए और सर्विस रोड की मांग की।
मौके पर पहुँचे कार्यदात्री कंपनी के प्रतिनिधि संदीप यादव ने भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही किसानों व ग्रामीणों के लिए सर्विस रोड बनवाया जाएगा।