“शारदीय नवरात्र और दीपावली से पहले केंद्र सरकार ने देशवासियों को बड़ा तोहफ़ा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में जीएसटी सुधारों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दीपावली गिफ्ट बताते हुए इसे अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में जीएसटी सुधारों पर जन-जागरण पदयात्रा और व्यापारियों से संवाद के बाद मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में लागू हुई घटी हुई जीएसटी दरें अब तक का सबसे बड़ा सुधार है।
जीवनरक्षक दवाओं को पूरी तरह करमुक्त कर दिया गया है, जबकि अन्य दवाओं पर कर घटाकर 5% कर दिया गया है। किसानों से जुड़ी कई वस्तुएं अब शून्य या 5% जीएसटी के दायरे में आ गई हैं। वहीं, शिक्षण सामग्री पर कर को 12% से घटाकर शून्य कर दिया गया है।
सीएम योगी ने कहा कि इससे आम उपभोक्ता की क्रयशक्ति बढ़ेगी, जिससे मांग, उत्पादन और अंततः रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। उन्होंने इसे दीपावली से पहले जनता के लिए मोदी सरकार का विशेष उपहार बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया।