झांसी।
थाना सकरार क्षेत्र के ग्राम मगरपुर में दीपावली के मौके पर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव की खुशियाँ गम में बदल दीं। सोमवार की दोपहर गांव के ही दो युवक नहाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों का कोई पता नहीं चला, तो परिवारजन परेशान होकर उनकी तलाश में जुट गए।
मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे जब ग्रामीणों ने पोखर के किनारे जाकर देखा तो वहां दोनों युवकों की चप्पलें और कपड़े रखे मिले। इसकी सूचना तुरंत थाना अध्यक्ष सकरार पप्पू सिंह को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से पोखर में तलाश शुरू करवाई। कुछ देर की मशक्कत के बाद पोखर से दोनों युवकों के शव बाहर निकाले गए।

मृतकों की पहचान राहुल (पुत्र श्यामलाल श्रीवास, निवासी ग्राम मगरपुर) और दीपचंद (पुत्र रामेश्वर परिहार, निवासी संतपुरा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अच्छे मित्र थे और दीपावली के अवसर पर साथ में नहाने गए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक युवक को तैरना नहीं आता था, जब वह पानी में डूबने लगा तो दूसरे युवक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह भी गहरे पानी में चला गया और दोनों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी पप्पू सिंह ने मौके का निरीक्षण कर शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर अस्पताल भेज दिया।
दीपावली के पर्व पर हुई इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा फैला दिया है। गांव के लोगों का कहना है कि यह त्योहार अब परिवारों के लिए हमेशा के लिए एक दर्दनाक याद बन गया।