झाँसी
देवर की हरकतों से तंग आकर भाभी ने दी जान, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप।
झांसी के एरच थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। ग्राम कुडरी में एक विवाहित महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के मायके वालों ने देवर पर गलत नीयत से तंग करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

झांसी के थाना एरच के ग्राम कुडरी में विवाहिता संतोषी ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका के भाई अशोक चंद्र ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी बहन के देवर की उस पर गलत नीयत थी और वह उसे आए दिन तंग करता था।
शिकायत पर परिवारवालों ने कई बार बहनोई देवेंद्र सहित रिश्तेदारों को भी बताया, लेकिन बात समझाकर शांत करा दी गई।
7 दिसंबर की सुबह करीब 6:15 बजे देवर का ही फोन आया कि संतोषी ने फांसी लगा ली है। जब मायके वाले पहुंचे तो संतोषी का शव जमीन पर पड़ा था। कमरे में टूटी हुई चूड़ियां और शरीर पर चोटों के निशान भी दिखे।
परिजनों ने आशंका जताई है कि मामला आत्महत्या नहीं बल्कि प्रताड़ना और शक के घेरे में हुई मौत हो सकती है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।