झांसी के टोड़ीफतेहपुर क्षेत्र में आगामी चुनावों को लेकर मतदाता सूची में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए उपजिलाधिकारी टहरौली गौरव आर्य ने ग्राम महेवा सहित आसपास के गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर जाकर बीएलओ के कार्य का निरीक्षण किया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि जिन मतदाताओं की 1 जनवरी 2025 तक आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनका नाम सूची में अवश्य जोड़ा जाए। वहीं, जिन व्यक्तियों का नाम दो स्थानों पर दर्ज है, उन्हें सूची से हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली और बीएलओ को सतर्कता बरतने को कहा।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने को कहा।
इस मौके पर बीएलओ नारायण दास सोनी, विधानसभा बीएलओ आशीष निरंजन, सुभ्या कुमारी, प्रधानाध्यापक कैलाश नारायण सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।