झांसी
ओरछा के जामनी नदी में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने गए दो युवकों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मृतकों की पहचान झांसी शहर के अलीगोल खिड़की निवासी अकरम और शहजाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक हाफिज थे और इलाके में काफी मिलनसार स्वभाव के कारण पहचाने जाते थे।

स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों युवक ओरछा के जामनी नदी पर नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान नहाते समय वे अचानक गहरे पानी में चले गए। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, दोनों पानी में डूबने लगे।
घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत नदी में उतरकर दोनों युवकों को बचाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले रेस्क्यू के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया।

हालांकि जब तक दोनों को बाहर निकाला गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद अलीगोल खिड़की इलाके में गम का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग मृतकों के घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। इलाके के लोगों ने युवकों की मौत पर गहरा दुख जताया .