मऊरानीपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम ढकरवारा निवासी एक युवक ने गांव के ही दबंग पर जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पुलिस उपाधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय की मांग की है।

प्रार्थी परशुराम पुत्र घनाराम के अनुसार, 24 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे वह भंडरा गांव से सब्जी लेकर वापस अपने गांव लौट रहा था। तभी रास्ते में गांव पठा निवासी मोहित पुत्र दरू राजपूत ने उसे रोक लिया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके कान के परदे के पास गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी सुनने की क्षमता प्रभावित हुई है।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी उसकी दुकान से उधार चावल न मिलने से नाराज था। इसी बात को लेकर उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उसके साथ मौजूद रामेश्वर साहू ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे बचाया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसका स्थानीय पुलिस चौकी से सांठगांठ है। घटना के बाद वह देवरी चौकी पहुंचा और लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अब पीड़ित ने पुलिस उपाधीक्षक से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।