झांसी जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर “मिशन शक्ति फेज 5.2” के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में बबीना थाना पुलिस और एएचटीयू टीम ने गांव में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और ग्रामीणों को जागरूक किया।
इस दौरान हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के साथ-साथ बाल विवाह और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

झांसी के बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम नया खेड़ा में आज मिशन शक्ति अभियान के तहत एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें थाना प्रभारी विनय कुमार साहू, उपनिरीक्षक मनु चौधरी, हेड कांस्टेबल बृजेश सिंह, महिला कांस्टेबल अमिता कुशवाहा सहित एएचटीयू झांसी टीम के सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने गांव के महिलाओं और पुरुषों को एकत्रित कर उन्हें महिला सुरक्षा, अधिकारों और आत्मनिर्भरता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मिशन शक्ति के तहत “नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी सशक्तिकरण” के उद्देश्यों को समझाते हुए महिलाओं को जागरूक किया गया कि वे किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में बिना डर के आगे आएं और तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें।
पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिनमें 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा), 1090 (विमेन पावर हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 102 और 108 (स्वास्थ्य एवं एम्बुलेंस सेवा) शामिल हैं।

इसके साथ ही बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ लोगों को जागरूक करते हुए बताया गया कि यह एक दंडनीय अपराध है और इससे बच्चों का भविष्य प्रभावित होता है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ भी दिलाई गई।
पुलिस टीम ने यह भी बताया कि नवरात्रि जैसे विशेष अवसरों पर भी विभिन्न स्थानों पर चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस का उद्देश्य समाज में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ जीवन जी सकें।
बबीना से विजय वर्मा की रिपोर्ट