झांसी के मऊरानीपुर में शुक्रवार सुबह लगभग 8 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब कोतवाली के सामने स्थित मेला ग्राउंड में एक अधेड़ व्यक्ति का शव टीन शेड के पिलर के पास केबल की डोरी से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि सुबह लोगों ने मेला ग्राउंड में टीन शेड के पास एक व्यक्ति को केबल की डोरी से लटका हुआ देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और जांच पड़ताल शुरू की। मृतक लोअर और शर्ट पहने हुए था, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना स्थल पर लोगों का आना-जाना लगा रहता है और पास में ही कोतवाली भी स्थित है। फिलहाल यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।