झाँसी ब्रेकिंग्
बारात में चली गोली, दूल्हे का चचेरा भाई हुआ घायल, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी।
झांसी के मऊरानीपुर में एक शादी समारोह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई , जब दूल्हे के चचेरे भाई को फायरिंग के दौरान गोली जा लगी। हर्षोल्लास के माहौल में अचानक हुई फायरिंग से समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई।
घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे झांसी रेफर किया गया है।

यह घटना मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र की है, जहां बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे झांसी रोड स्थित एक विवाह घर में शादी समारोह चल रहा था। महेबा थाना टोड़ीफतेहपुर क्षेत्र से बारात आई हुई थी। डीजे की धुनों पर बारात विवाह घर की ओर बढ़ रही थी और रिश्तेदार खुशी-खुशी नाच रहे थे।
इसी दौरान नशे में धुत एक युवक हाथ में असलहा लेकर लहराने लगा। दूल्हे के चचेरे भाई रजनीश निरंजन ने जब उसे असलहा लहराने से मना किया, तो युवक ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

पहली गोली रजनीश के कान के पास से निकल गई, जबकि दूसरी गोली कमर के नीचे जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल मऊरानीपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. उदल श्रीवास ने हालत गंभीर देखते हुए झांसी रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि घायल रजनीश निरंजन ललितपुर में सरकारी स्कूल में शिक्षक के पद पर तैनात हैं।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह, कोतवाल मुकेश कुमार सोलंकी और अतिरिक्त निरीक्षक इंद्रपाल सरोज मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है।
शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं, और एक बार फिर सवाल खड़ा हो गया है—
शादियों में हर्ष फायरिंग कब थमेगी?