बुंदेलखंड के किसानों का सब्र अब जवाब देने लगा है।
झांसी के हरपुरा ग्राम पंचायत के पंचमपुर में आज उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के बैनर तले विशाल किसान पंचायत का आयोजन हुआ, जहाँ किसानों ने कर्ज माफी, बीमा क्लेम, मुआवजा और नीलगाय की समस्या को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
पंचायत में चेतावनी दी गई कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो किसान बड़ा आंदोलन करेंगे।

झांसी जनपद की ग्राम पंचायत हरपुरा के पंचमपुर में किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर विशाल किसान पंचायत आयोजित की गई।
पंचायत में किसानों ने बताया कि लगातार ओलावृष्टि, अतिवृष्टि और सूखे ने खेती को घाटे का सौदा बना दिया है।
किसानों का आरोप है कि खरीफ फसल बर्बाद होने के बावजूद आज तक न बीमा क्लेम मिला और न ही मुआवजा।
बैंकों द्वारा केसीसी से बीमा प्रीमियम तो काटा जाता है, लेकिन फसल खराब होने पर किसान को कुछ नहीं मिलता।
किसानों ने कहा कि मजबूरी में उन्हें साहूकारों से कर्ज लेना पड़ रहा है और अब नीलगायों के झुंड फसलों को तबाह कर रहे हैं।

पंचायत के माध्यम से किसानों ने संपूर्ण सरकारी कर्ज माफी, ऋण वसूली पर रोक, खरीफ 2025 का बीमा क्लेम, नीलगाय की रोकथाम और गांव से सिजार बांध तक सड़क निर्माण की मांग की।
किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवनारायण सिंह परिहार ने कहा कि बुंदेलखंड का किसान प्राकृतिक आपदाओं से टूट चुका है।
अगर सरकार ने कर्ज माफी, बीमा क्लेम और नीलगाय की समस्या पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
पंचायत में सैकड़ों किसानों की मौजूदगी ने सरकार को साफ संदेश दे दिया है।