झाँसी।
जनपद झाँसी की पुलिस लाइन में आज 27वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस शूटिंग स्पोर्ट एवं अलार्म एफीसिएंसी प्रतियोगिता-2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी बीबीजीटीएस मूर्ति ने किया।
इस प्रतियोगिता में कानपुर जोन के विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमों ने भाग लिया है। प्रतियोगिता में रायफल, रिवॉल्वर, पिस्टल, कार्बाइन और अलार्म एफीसिएंसी दौड़ जैसी स्पर्धाएं शामिल की गई हैं। इसका उद्देश्य पुलिस बल के जवानों की निशानेबाजी, शारीरिक दक्षता और अलर्टनेस का परीक्षण करना है।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी झाँसी मूर्ति ने प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि –
“इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल पुलिसकर्मियों की क्षमता को परखने का माध्यम हैं, बल्कि इनके जरिए पुलिस बल में आत्मविश्वास, अनुशासन और फिटनेस को भी मजबूत किया जाता है। सामूहिक सहयोग और टीम भावना से पुलिस बल की कार्यकुशलता और अधिक बढ़ती है।”
शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
एसएसपी झाँसी ने सभी प्रतिभागियों को सफलता की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।