
महोबा जनपद में मंगलवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से हड़कंप मच गया। अलग-अलग गांवों में हुई इन घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
चरखारी तहसील क्षेत्र के गुढ़ा गांव में खेत से लौट रही दो सगी बहनें आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं।
50 वर्षीय सुप्पन और 47 वर्षीय भूरी खेत में मूंगफली उखाड़कर घर लौट रही थीं कि अचानक बिजली गिर गई।
ग्रामीणों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने भूरी को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुप्पन की हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है।
इसी तरह दूसरी घटना ग्राम गोरखा की है। यहां 75 वर्षीय बुजुर्ग रामचरण यादव बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे। तभी आकाशीय बिजली गिर गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।